अपनी भाषा चुनेें :
गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में, निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन जिला ग्रामीण विकास शाखा, गुमला विद्या भूषण कुमार द्वारा आज प्रखंड रायडीह अंतर्गत पंचायत नवागढ़ क्षेत्र का निरीक्षण भ्रमण किया गया। निरीक्षण के क्रम में मनरेगा योजनाओं के अंतर्गत संचालित कूप निर्माण तथा आम बागवानी का भौतिक सत्यापन किया गया।
कूप निर्माण कार्य के तहत लाभुक उमाशंकर सिंह एवं खिरोधर सिंह के कूप निर्माण स्थलों का अनुश्रवण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि योजना बोर्ड सही रूप से स्थापित नहीं किए गए हैं तथा सभी योजना बोर्ड योजना स्थल पर गिरे हुए पाए गए। इस पर निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी, रायडीह को निर्देशित किया गया कि सभी योजना बोर्डों को निर्धारित मानक के अनुरूप तत्काल सही ढंग से स्थापित कराया जाए, ताकि योजनाओं की पारदर्शिता एवं सूचना का अधिकार सुनिश्चित हो सके।
इसके अतिरिक्त लाभुक प्रशांत टोप्पो, भालमंडा नवागढ़ रायडीह के आम बागवानी योजना स्थल का निरीक्षण किया गया। स्थल पर बागवानी पौधे लगाए हुए पाए गए तथा जानकारी के अनुसार 50 डिसमिल भूमि में कुल 48 पौधे लगाए गए हैं। पौधारोपण की प्रगति को संतोषजनक पाया गया।
पंचायत नवागढ़ अंतर्गत संचालित मध्य विद्यालय खीराखांड का भी अनुश्रवण किया गया। कक्षा कक्ष निरीक्षण के क्रम में बच्चों से वार्ता कर अध्ययन स्थिति का अवलोकन किया गया। शिक्षिका द्वारा अवगत कराया गया कि विद्यालय में कुल 48 छात्र-छात्राएँ नामांकित हैं, जिनमें से 40 बच्चे आज उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी रायडीह, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, रोजगार सेवक एवं पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही होने पर दायित्व तय किया जाएगा।

