Bokaro News: प्रशासक सह अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर PM SVANidhi योजना के तहत “लोक कल्याण मेला” का आयोजन चास नगर निगम की ओर से किया गया। इस विशेष अभियान में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, चीरा चास और टेलीडीह शाखा समेत कई बैंकों ने भाग लिया।
मेले का मुख्य उद्देश्य शहर के स्ट्रीट फूड वेंडरों को डिजिटल ऑनबोर्डिंग करना और उन्हें आधुनिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ना था। कार्यक्रम के दौरान कई वेंडरों को डिजिटल पेमेंट सिस्टम जैसे फोन पे, गूगल पे और बैंक QR कोड से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की गई। इससे वेंडर अब कैशलेस लेनदेन कर सकेंगे और उनके व्यवसाय को नई पहचान मिलेगी।
मेले में लंबित आवेदनों का निस्तारण किया गया और योग्य वेंडरों को ऋण वितरण की सुविधा दी गई। साथ ही, उनके परिवारों की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग भी की गई ताकि भविष्य में उन्हें अन्य सरकारी योजनाओं से भी जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत नए आवेदन लिए गए, पुराने स्वीकृत आवेदनों के ऋण वितरित किए गए, और बैंकों में लंबित फाइलों का तुरंत निपटारा किया गया।
नगर निगम की टीम और नगर मिशन प्रबंधक, सामुदायिक संगठनकर्ता एवं सामुदायिक संसाधन सेवी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। उन्होंने वेंडरों को डिजिटल लेनदेन और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस मेले ने यह साबित किया कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि छोटे व्यवसायियों को डिजिटल युग से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।



