अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: पंजाब पुलिस में डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला अब राज्य की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक बन गया है। जांच एजेंसियों ने उनके फार्महाउस और आवास से अकूत संपत्ति बरामद की है जिसने पूरे पुलिस विभाग को झकझोर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, डीआईजी भुल्लर की कोठी से लगभग 50 से अधिक संपत्तियों के दस्तावेज, 7.5 करोड़ रुपये नगद, ढाई किलो सोना, और 26 महंगी घड़ियां मिली हैं, जिनमें रोलेक्स और राडो जैसे ब्रांड शामिल हैं। इसके अलावा 4 पिस्टल और 100 से ज्यादा जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
करोड़ों कैश और लग्ज़री सामान बरामद
भुल्लर पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति की एफआईआर हटवाने के लिए 4 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 8 लाख कर दिया गया। 16 अक्टूबर को सामने आए ऑडियो टेप में भुल्लर और उनके सहयोगी किरशानू शारदा के बीच हुई बातचीत ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
शारदा को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह पैसे भुल्लर के लिए ही लिए जा रहे थे। एक फोन रिकॉर्डिंग में भुल्लर को कहते सुना गया — “बाकी रकम ऑफिस पहुंचा दो, 8 पूरी करो।” जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि यह कॉल भुल्लर के मोबाइल नंबर से की गई थी।
7.5 करोड़ कैश और सोना बरामद
सीबीआई को भुल्लर के कई बैंक खातों, लॉकर की चाबियों और संदेहास्पद लेन-देन की जानकारी भी मिली है। लुधियाना के पास उनके समराला फार्महाउस से पुलिस ने 5.7 लाख रुपये और 108 बोतल शराब जब्त की है। वहीं उनके सहयोगी शारदा के ठिकाने से 21 लाख रुपये और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 31 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि यह मामला पंजाब पुलिस सर्विस के भीतर अब तक का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार नेटवर्क हो सकता है। जांच में कई और अधिकारियों की भूमिका सामने आने की संभावना है।

