अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Dhanbad News: सोमवार देर रात धनबाद रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया जब लगेज स्कैनिंग मशीन में एक छोटे बच्चे का हाथ फंस गया। यह घटना स्टेशन के साउथ प्लेटफॉर्म साइड एग्जिट गेट पर हुई।
घायल बच्चे की पहचान शुभम अग्रवाल के रूप में हुई है, जो पुराना बाजार, धनबाद निवासी राजीव रंजन अग्रवाल उर्फ बबलू अग्रवाल का बेटा है। सोमवार रात अग्रवाल परिवार इंटरसिटी एक्सप्रेस से धनबाद पहुंचा था। बारिश के कारण परिवार एग्जिट गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान खेलते हुए शुभम स्कैनिंग मशीन के पास पहुंचा और उसका हाथ मशीन के अंदर चला गया।
इसके बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौजूदा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्टेशन कर्मियों ने तुरंत मशीन का संचालन रोक दिया। लगभग एक घंटे की मशक्कत और कटर की मदद से मशीन के प्लेट को काटकर बच्चे का हाथ सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेलवे अधिकारियों ने घटना को गंभीर बताते हुए सभी स्टेशनों पर ऐसे उपकरणों के पास अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध करने का आश्वासन दिया है।

