Dhanabd News: पुलिस की सतर्कता से सोमवार की देर रात बड़ी वारदात टल गई। प्रिंस खान के शूटर रबीउल इस्लाम उर्फ मोटा को धनबाद के दामोदरपुर क्षेत्र में पकड़ा गया। रबीउल के पास से 38 बोर की पिस्टल, छह गोलियां और चार जिंदा कारतूस जब्त किए गए। इससे पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि वह किसी व्यापारी पर फायरिंग करने वाला है।
पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) नौशाद आलम के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें रबीउल को बाइक सहित गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में रबीउल ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान और गोपी खान के लिए काम करता है। उसने बताया कि अक्टूबर 2024 में शहाबुद्दीन सिद्धीकी हत्याकांड में मोटरसाइकिल चालक की भूमिका निभाई थी। वह चक्रधरपुर और ओडिशा के बड़वील इलाके में हुई हत्या एवं रंगदारी मामलों में भी वांछित है।
रबीउल ने बताया कि ऋतिक खान ने उसे बाइक और पिस्टल उपलब्ध कराई थी, जिससे वह धनबाद के एक व्यापारी की हत्या कर सके। पुलिस ने इस मामले में प्रिंस खान, गोपी खान, ऋतिक खान और रबीउल इस्लाम के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस अभियान में पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) पुलिस का सहयोग भी रहा, जिसने पुलिस की कार्रवाई को सफल बनाया।
पुलिस इस मामले में और अधिक छानबीन कर रही है ताकि अपराधी जल्दी से गिरफ्तार किए जा सकें और धनबाद में कानून-व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।



