Dhanbad News: धनबाद जिले से एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। टुंडी थाना क्षेत्र के बरवाटांड़ पंचायत के तिलैयटांड़ गांव में एक महिला ने अपने ही पति की हत्या कर शव को घर में दफना दिया। हत्या की वजह महिला का अपने भांजे से प्रेम संबंध बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान सुरेश हांसदा (दिहाड़ी मजदूर) के रूप में हुई है। वह पिछले 10 दिनों से गायब था। परिवार और गांववालों को शक तब हुआ जब सुरेश अपनी चाची के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ। जब पत्नी सुरजी देवी से पूछा गया तो उसने बार-बार बहाने बनाए। इससे ग्रामीणों को शक गहराया और मामला पुलिस तक पहुंचा।
शनिवार को पुलिस मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कमरे में मिट्टी का ढेर दिखाई दिया। खुदाई करने पर सुरेश का शव बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि पत्नी ने धारदार हथियार से वार कर अपने पति की हत्या की थी और उसके बाद शव को घर में ही गाड़कर ऊपर मिट्टी का चबूतरा बना दिया था।
घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी धीरेंद्र नारायण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा गया है। आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। यह घटना गांव में सनसनी का विषय बनी हुई है। लोग इसे पारिवारिक मूल्यों और रिश्तों पर गहरी चोट मान रहे हैं।
इस खबर को भी पढ़ें: धनबाद में भूस्खलन से वैन 400 फीट गहरी खदान में गिरी, 6 मजदूरों की मौ’त



