Dhanbad: झारखंड के धनबाद जिले के केंदुआ इलाके में प्रकृति और सिस्टम की मार एक साथ पड़ रही है। पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शुक्रवार को धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर एक बार फिर ‘भू-धंसान’ (गोफ) होने की भयावह घटना सामने आई है। ताजा स्थिति यह है कि पहले से बने गोफ के ठीक बगल में एक नया और गहरा गोफ बन गया है, जिसमें बारिश का पानी तेजी से समा रहा है। इसके चलते जमीन के अंदर खोखलापन बढ़ता जा रहा है और पूरी सड़क अब ढहने की कगार पर है।
सड़क ठप, दहशत में जिंदगियां
प्रशासन ने किसी भी बड़े हादसे को टालने के लिए मुख्य मार्ग को दोनों ओर से बैरिकेडिंग कर पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे आवागमन ठप हो गया है और स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल है। गौरतलब है कि यह सड़क पिछले 15 दिनों से बंद चल रही है और यातायात को डायवर्ट (Divert) किया गया है, जिसके कारण आम जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन और बीसीसीएल के खिलाफ आक्रोश
लगातार होती इन घटनाओं ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल (BCCL) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सीधे तौर पर प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। भाजपा विधायक राज सिन्हा, भाकपा माले के अरुप चटर्जी और आजसू नेता मंटू महतो समेत कई संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सड़क की मरम्मत और सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो वे बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।
हादसों की पुरानी गवाह है यह जमीन
यह कोई पहली घटना नहीं है; इसी साल 15 अप्रैल को भी इसी स्थान पर जमीन धंसी थी। इससे पहले पिछले साल 31 नवंबर की रात भूमिगत खदान में विस्फोट के बाद जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के रिसाव ने तीन लोगों की जान ले ली थी। बीसीसीएल अब तक स्थिति को नियंत्रित करने में नाकाम रहा है। प्रबंधन का मानना है कि बारिश के कारण खतरा और बढ़ सकता है, इसलिए प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।



