अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi News : रांची जिले में चल रही प्रमुख सड़क व अधोसंरचना परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित सभागार में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इसमें पथ निर्माण विभाग और भू-अर्जन से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे, जिनमें जिला भू-अर्जन पदाधिकारी केके राजहंस, कार्यपालक अभियंता (पथ प्रमंडल शहरी) रांची सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि रांची शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें।
अरगोड़ा कटहल मोड़ चौड़ीकरण परियोजना
बैठक में अरगोड़ा कटहल मोड़ चौड़ीकरण परियोजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी रैयतों का भुगतान एक माह के भीतर पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने बिजली पोल शिफ्टिंग कार्य को भी जल्द समाप्त कराने का निर्देश दिया, ताकि सड़क चौड़ीकरण कार्य में कोई बाधा न हो।
पंडरा-कांके हॉलिडे होम एवं बरियातु-बड़गाईं लेम बोड़या परियोजना
इन दोनों परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए रैयतों का भुगतान अविलंब किया जाए।
भारतमाला परियोजना (NHAI)
भारतमाला परियोजना के अंतर्गत शेष बचे रैयतों का भुगतान एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही ओरमांझी क्षेत्र में कार्य में आ रही बाधा को दूर करने के लिए अंचल अधिकारी को पुलिस बल के सहयोग से कार्रवाई करने को कहा गया। अंचल अधिकारी बेड़ो और ओरमांझी को अधिग्रहीत भूमि के नामांतरण की प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने का भी आदेश दिया गया।
रेलवे और बाईपास परियोजनाएं
उपायुक्त ने रेलवे लिंक लाइन प्रोजेक्ट (लोधमा-पिस्का बाईपास होकर हटिया-रांची) और इल्लू-सिल्ली बाईपास लेन (5.9 किमी AV लेन) परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने इन परियोजनाओं में तेजी लाने और निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
अंत में उपायुक्त श्री भजन्त्री ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अड़चन या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन रैयतों का भुगतान अभी शेष है, उसे तत्काल पूरा करने का निर्देश दिया गया है, ताकि सभी विकास परियोजनाएं समय पर पूरी की जा सकें।



