अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित सोसो मोड़ पर शुक्रवार को धार्मिक झंडा उखाड़ कर फेंके जाने की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। एक पक्ष के लोगों ने घटना का विरोध करते हुए सड़क पर टायर जलाकर जाम कर दिया और आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान सड़क पर घंटों आवागमन बाधित रहा और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पिठोरिया थाना प्रभारी अभय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच का भी भरोसा दिलाया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित की तलाश तेज कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपित तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग की अपील की। पुलिस की समझाइश और आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया, जिससे स्थिति सामान्य है।
यह घटना इलाके में संवेदनशील माहौल को दर्शाती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपितों की गिरफ्तारी किसी भी वक्त हो सकती है।

