Jamshedpur news: गुरुवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो पेयजल परियोजना की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा है कि यह महत्वाकांक्षी योजना बदइंतज़ामी के कारण धीरे-धीरे दम तोड़ने की स्थिति में पहुंच रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत और समुचित देखभाल नहीं की गई, तो करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह परियोजना पूरी तरह ठप हो सकती है।
सरयू राय ने बताया कि पुनः विधायक बनने के बाद उन्होंने परियोजना की विस्तृत समीक्षा की थी, जिसमें मानगो नगर निगम और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों के साथ कई बैठकें हुईं। इस दौरान इंटेकवेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और जल टंकियों के लिए नए मोटर पंप लगाए गए और कुछ बंद पड़ी टंकियों को चालू किया गया। हालांकि, बाद में परियोजना का हस्तांतरण और नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया के कारण सुधार कार्य धीमे पड़ गए।
उन्होंने कहा कि जांच में यह सामने आया कि इंटेकवेल में बड़ी मात्रा में बालू और मिट्टी जमा हो गई है, जिससे पानी खींचने की क्षमता प्रभावित हुई है। आंशिक सफाई के बावजूद समस्या अभी भी बनी हुई है। साथ ही, नदी से इंटेकवेल तक पानी लाने वाले पाइपों में भी गाद भर गई है, जिसकी सफाई नहीं होने से कभी भी जलापूर्ति बाधित हो सकती है।
राय ने यह भी कहा कि केवल जुगाड़ तकनीक से इस परियोजना को नहीं चलाया जा सकता और इसके लिए विशेषज्ञ एजेंसी की मदद जरूरी है। उन्होंने मौजूदा व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि पूरी परियोजना में दिशा और जिम्मेदारी का अभाव दिख रहा है, जिससे हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।



