New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में बीते तीन दिनों से खिली धूप के बाद अब मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए आज, 27 जनवरी को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई हिस्सों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना जताई है।
30-40 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं: मौसम विभाग के अनुसार, आज दिनभर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए भी चेतावनी जारी की गई है। आज अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। नमी का स्तर सुबह के समय 100% तक पहुंच सकता है, जिससे वातावरण में काफी बदलाव महसूस होगा।
प्रदूषण से राहत, हवा हुई साफ: इस बारिश और तेज हवाओं का सबसे सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता (AQI) पर पड़ा है। एनसीआर के कई इलाकों में प्रदूषण के स्तर में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
-
नोएडा: सेक्टर-62 में एक्यूआई 258 दर्ज किया गया।
-
दिल्ली: लोधी रोड (194) और मंदिर मार्ग (180) जैसे इलाकों में हवा ‘येलो जोन’ में पहुंच गई है। हालांकि, आनंद विहार और बवाना जैसे इलाके अब भी ‘रेड जोन’ में बने हुए हैं, लेकिन बारिश के बाद वहां भी स्थिति सुधरने की उम्मीद है।
आने वाले दिनों का हाल: मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बारिश से प्रदूषण तो कम होगा, लेकिन ठंड में इजाफा हो सकता है। 28 जनवरी से दिल्ली-एनसीआर में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है, जो 30 जनवरी तक जारी रह सकती है। 28 जनवरी को तापमान 12 से 18 डिग्री के बीच रहेगा। लोगों को खराब मौसम और बढ़ती ठंड को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



