Chaibasanews: गुरुवार सुबह करीब 10:00 बजे टाटा–गुवा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना सिंहपोखरिया रेलवे स्टेशन से लगभग 600 मीटर दूर गुलकाबासा गांव के पास रेलवे लाइन पर पोल संख्या 320/1-2 के बीच हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला। घटना स्थल की स्थिति को देखकर प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति ने आत्महत्या की है।
बताया जा रहा है कि मृतक का स्कूटी (नंबर JH06T 9035) रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ा मिला, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह स्वयं वहां पहुंचा और ट्रेन के सामने आ गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक के बारे में कोई जानकारी मिल सके।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। स्थानीय लोग यह जानने को लेकर उत्सुक हैं कि आखिर मृतक कौन था और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
रेलवे पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस स्कूटी या व्यक्ति के बारे में जानकारी हो, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि मृतक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
Share.
Exit mobile version