Bihar News: पुलिस जिला नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र के मदरौनी पंचायत के सोहड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक वारदात सामने आई। महंत बाबा स्थान मंदिर के पास 27 वर्षीय युवक छोटू रजक का शव बरामद हुआ, जिसे देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों ने गमछी से ढके शव को देखा। जब गमछी हटाया गया, तो युवक लहूलुहान हालत में पड़ा था और उसका गला धारदार हथियार से रेता गया था। यह खबर फैलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक छोटू रजक नियमित रूप से शराब का सेवन करता था। गुरुवार रात वह कुछ दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। आशंका है कि पार्टी के बाद ही उसकी हत्या की गई। घटनास्थल से पुलिस ने कई सामान बरामद किए हैं, जो वारदात से जुड़े हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां पर पार्टी हुई, उसी जगह पर युवक की हत्या भी की गई। चाकू से गला रेतने के बाद शव को गमछी से ढक दिया गया और मंदिर के पास फेंक दिया गया। सुबह जब महिलाएं पूजा करने पहुंचीं, तो उन्हें लगा कि युवक अचेत है, लेकिन पास जाने पर सच्चाई सामने आई।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और मृतक के दोस्तों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी कानून के शिकंजे में होंगे।



