अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित बैंक ऑफ़ इंडिया (Bank of India) शाखा में करोड़ों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। इस घोटाले के आरोप में शाखा के पूर्व प्रबंधक सुदीप सिंकु पर केस दर्ज किया गया है। शिकायत वर्तमान शाखा प्रबंधक निलेश कुमार ने गुवा थाना में की, जिसके बाद कार्रवाई शुरू हुई।
पूर्व शाखा प्रबंधक सस्पेंड

गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि जमशेदपुर कदमा शाखा के वरीय प्रबंधक विश्वजीत कुमार द्वारा कराई गई विशेष लेखा परीक्षा में यह घोटाला सामने आया। जांच में स्पष्ट हुआ कि 1 जुलाई 2021 को गुवा शाखा प्रबंधक रहते हुए सुदीप सिंकु ने स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के खाते से बिना अनुमति दो करोड़ 14 लाख 81 हजार 192 रुपये का अवैध पे ऑर्डर भुगतान किया और राशि अपने नियंत्रण में ले ली।
खाते से निकली करोड़ों की राशि, जांच जारी
इतना ही नहीं, 16 जनवरी 2023 को भी सुदीप सिंकु ने सेल की अनुमति लिए बिना धोखाधड़ी कर यह राशि अन्नु देवी, मनोज निषाद, पुनामी बोदरा और कन्हैया कुमार साव के खातों में ट्रांसफर कर दी। इसके बाद इन खातों से पैसे की निकासी भी कर ली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी शाखा प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल गुवा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपितों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

