अपनी भाषा चुनेें :
Ranchi : झारखंड में लगातार बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर झारखंड अगेंस्ट करप्शन संगठन ने गंभीर चिंता जताई है। संगठन के अध्यक्ष दुर्गा उरांव उर्फ दुर्गा मुंडा ने कहा है कि राज्य की प्रशासनिक और सामाजिक व्यवस्था एक खतरनाक मोड़ पर खड़ी है, जहाँ भ्रष्टाचार अब केवल एक समस्या नहीं, बल्कि एक बड़ी चुनौती के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता विकास की उम्मीद करती है, लेकिन योजनाओं और परियोजनाओं में व्याप्त अनियमितताएँ विकास की गति को रोक रही हैं। सरकारी तंत्र में फैला भ्रष्टाचार आम लोगों के अधिकारों को प्रभावित कर रहा है। योजनाओं का लाभ उन तक नहीं पहुँच पा रहा जिनके लिए वे बनाई गई हैं।
दुर्गा उरांव ने कहा कि कई विभागों में फाइलों के निपटारे से लेकर योजनाओं की स्वीकृति तक रिश्वतखोरी की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। आम नागरिकों को अपने ही हक के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत स्तर से लेकर उच्च प्रशासन तक भ्रष्टाचार की पकड़ आम जनजीवन और न्याय व्यवस्था को कमजोर कर रही है।
उन्होंने बताया कि झारखंड अगेंस्ट करप्शन संगठन लगातार लोगों के बीच जागरूकता अभियान चला रहा है और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को उजागर करने के लिए टीम गठित की गई है। संगठन ने कई मामलों को उजागर कर सरकार एवं जांच एजेंसियों को जानकारी भी दी है।
दुर्गा उरांव ने कहा कि यह समय सिर्फ आलोचना का नहीं है, बल्कि बदलाव लाने के सामूहिक प्रयास का है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संस्थाओं और जागरूक नागरिकों से भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। उनका कहना है कि जब तक जनता आवाज नहीं उठाएगी, तब तक भ्रष्टाचारियों की पकड़ मजबूत बनी रहेगी।
उन्होंने सरकार से भी अपील की कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की जाए और हर स्तर पर पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जाए। शिकायतों के त्वरित निपटारे, अधिकारियों की जवाबदेही और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करने की आवश्यकता है।
दुर्गा उरांव ने कहा कि झारखंड की पहचान मेहनती लोगों और प्राकृतिक संसाधनों से भरी भूमि की है। यदि भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाए, तो राज्य देश के सबसे विकसित राज्यों की सूची में शामिल हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड अगेंस्ट करप्शन राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा और जनता की आवाज को शासन तक पहुँचाने का काम जारी रखेगा।

