Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस ने गुरुवार को पशुपालकों की चुनौतियों को लेकर जिला पशुपालन पदाधिकारी को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे के नेतृत्व में संगठन के नेताओं ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पशुपालकों के स्थायी समाधान की मांग उठाई।
दुधारू पशु और अनुदान पर जोर
कांग्रेस ने मांग की कि दुधारू गाय-भैंस, बकरी, भेड़, मुर्गी, बतख और सूकर जैसे छोटे पशुधन अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा पशुपालन शेड निर्माण, पीने के पानी की सुविधा के लिए सौर टंकी और बागबेड़ा, जुगसलाई व मानगो जैसे प्रमुख केंद्रों में गोबर प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने की जरूरत बताई गई।
पशु चिकित्सा सेवाओं और बीमा पर बल
मांग पत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने, दवाइयों की पर्याप्त सप्लाई सुनिश्चित करने और दुग्ध उत्पादों की ढुलाई के लिए इलेक्ट्रिक ऑटो अनुदान पर उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। साथ ही सभी दुधारू और पालतू पशुओं का बीमा लागू करने और ग्राम-प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षण केंद्र खोलने पर भी जोर दिया गया।
ग्रामीणों के लिए अवसर, पलायन में कमी
जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम में हजारों परिवार पशुपालन से जुड़े हैं। यदि सरकार सुविधाएं और तकनीक मुहैया कराए, तो दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी और ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे बड़े पैमाने पर पलायन की समस्या भी कम होगी। उन्होंने कहा कि यह मांग पत्र आम पशुपालकों की आवाज है और सरकार को शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
इस मौके पर कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे जिनमें राजकिशोर यादव, महेंद्र पाण्डेय, रईस रिजवी छब्बन, संजय सिंह आजाद, अंसार खान, आशीष ठाकुर और मुन्ना मिश्र सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।



