अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: सीएम नीतीश कुमार ने गुरुवार को बिहार पुलिस के लिए 618 नए वाहनों का लोकार्पण किया। इसमें 520 चार पहिया पुलिस वैन और 98 दो पहिया मोटरसाइकिल शामिल हैं। इस कार्यक्रम का आयोजन सीएम आवास एक अणे मार्ग पर किया गया, जहां सीएम ने इन सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सीएम ने कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस वाहनों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इन नए वाहनों से पुलिस की कार्यक्षमता और रिस्पॉन्स टाइम में सुधार आएगा, जिससे आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ेगा।
सीएम ने यह भी कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस बिहार पुलिस अब विधि व्यवस्था को और बेहतर ढंग से संभाल सकेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन वाहनों की मदद से राज्यभर में अपराध नियंत्रण और जनता से संवाद में भी तेजी आएगी।
इस मौके पर उप सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, डीजीपी विनय कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। डीजीपी विनय कुमार ने सीएम को एक हरित पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, एडीजी स्पेशल ब्रांच सुनील कुमार, एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन, एडीजी प्रोविजनिंग अजिताभ कुमार समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे।

