India News: असम के सीएम हिमंत विस्वा सरमा को लेकर जा रही इंडिगो की एक उड़ान रविवार शाम खराब मौसम के चलते गुवाहाटी की बजाय त्रिपुरा के अगरतला हवाई अड्डे पर उतारी गई। अधिकारी ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी नहीं थी, बल्कि गुवाहाटी में भारी बारिश और आंधी-तूफान के कारण एहतियातन यह कदम उठाया गया।
खराब मौसम के चलते बदला रुट
अगरतला स्थित महाराजा वीर विक्रम (एमवीवी) हवाई अड्डे के निदेशक केसी मीणा ने बताया कि डिब्रूगढ़ से रवाना हुई यह उड़ान गुवाहाटी में नहीं उतर सकी। बाद में मौसम सुधरने पर विमान ने अगरतला से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरी। इस दौरान विमान में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित रहे। मीणा ने बताया कि रविवार को कुल पांच उड़ानें मार्ग बदलकर अगरतला हवाई अड्डे पर उतरीं और बाद में सभी अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गईं। गुवाहाटी में मौसम सामान्य होने पर एयर ट्रैफिक भी पटरी पर लौट आया।
यहां जैसी ही विमान अगरतला उतरा, त्रिपुरा के पर्यटन मंत्री सुशांत चौधरी हवाई अड्डे पहुंचे और सीएम सरमा से मुलाकात की। चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट करते हुए कहा, कि गुवाहाटी में खराब मौसम के चलते सीएम हिमंत सरमा की फ्लाइट अगरतला लैंड हुई। मुझे उनसे मिलकर खुशी हुई। गौरतलब है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 24 अगस्त को पहले ही गुवाहाटी और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर 2:30 बजे से रात 8:30 बजे तक भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की चेतावनी जारी की थी। इसी वजह से कई उड़ानों का मार्ग बदला गया।



