Health News: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत को बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में प्रकृति ने हमें चुकंदर के रूप में एक अनमोल तोहफा दिया है। आयुर्वेद और आधुनिक विज्ञान, दोनों ही चुकंदर को शरीर में हीमोग्लोबिन बढ़ाने, ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने और ताजगी बनाए रखने के लिए सबसे असरदार मानते हैं।
पोषक तत्वों का खजाना
न्यूट्रिशनिस्ट्स के अनुसार, चुकंदर में बेटानिन, नाइट्रेट, पॉलीफेनोल्स, फाइबर के साथ-साथ विटामिन सी और ई जैसे महत्वपूर्ण तत्व पाए जाते हैं। इसका गहरा लाल रंग ‘बेटानिन’ के कारण होता है, जो एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है। यह शरीर के हानिकारक फ्री रेडिकल्स को खत्म कर कोशिकाओं की रक्षा करता है, जिससे कैंसर और हृदय रोगों जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।
दिल और खून के लिए संजीवनी
हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए चुकंदर किसी दवा से कम नहीं है। इसमें मौजूद नाइट्रेट्स शरीर में जाकर नाइट्रिक ऑक्साइड में बदल जाते हैं, जो रक्त नलिकाओं को फैलाकर ब्लड प्रेशर को काबू में रखते हैं। साथ ही, यह ब्लड सर्कुलेशन सुधारकर थकान दूर करता है और खून की कमी को पूरा करने में मदद करता है।
सूजन और पाचन में राहत
चुकंदर में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण गठिया और आर्थराइटिस जैसी समस्याओं में राहत देते हैं। फाइबर से भरपूर होने के कारण यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है और कब्ज जैसी परेशानियों को जड़ से खत्म करता है। इसके अलावा, यह लिवर से विषैले तत्वों को बाहर निकालकर वजन घटाने में भी सहायक है।
त्वचा के लिए नेचुरल ग्लो
सेहत के साथ-साथ यह आपकी सुंदरता का भी ख्याल रखता है। इसका नियमित सेवन त्वचा की रंगत निखारता है और कील-मुंहासों से मुक्ति दिलाकर चेहरे पर प्राकृतिक चमक लाता है। आप इसे सलाद, जूस या सूप के रूप में अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।



