अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: पलामू जिले के मेदिनीनगर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर से दूध लेने निकले दो मौसेरे भाइयों के शव एक तालाब से बरामद हुए। मृतकों की पहचान अर्पित दुबे (6 वर्ष), पिता आनंद दुबे और आरो दुबे (8 वर्ष), पिता अनुराग दुबे के रूप में हुई है। अर्पित रेड़मा दशगात्र मंडप के पास रहता था, जबकि आरो बेलवाटिका गुरुद्वारा के पीछे अपने परिवार के साथ रहता था।
बताया गया कि दोनों बच्चे शनिवार शाम दूध लेने के लिए घर से निकले थे लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह स्थानीय लोगों को घर के पास स्थित तालाब में दोनों के शव दिखे, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई।
माना जा रहा है कि दोनों बच्चे दूध लेने जाते समय तालाब के पास पहुंचे और गर्मी के कारण नहाने के लिए पानी में उतर गए होंगे। तैरना न आने के कारण वे डूब गए। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेजा गया।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह घटना न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे मोहल्ले के लिए गहरा सदमा बन गई है।

