Chatra: बहन के घर आई एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में सदर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि अपहरणकर्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी महेंद्र पासवान के रूप में हुई है। नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी बिहार के सीतामढ़ी जिले से की गई है।
जानकारी के अनुसार डालटनगंज की रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग अपनी बहन के घर चतरा आई हुई थी। तीन फरवरी की शाम वह चाउमीन खाने के बहाने घर से निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजन काफी परेशान हो गए और सदर थाना में मामले की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम गठित कर नाबालिग की बरामदगी और अपहरणकर्ता की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चलाया गया। टेक्निकल टीम के सहयोग से पुलिस को लोकेशन का सुराग मिला, जिसके बाद पुलिस टीम ने बिहार के सीतामढ़ी जिले में छापेमारी कर नाबालिग को बरामद किया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर चतरा लाया।
इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग और युवक के बीच बातचीत हुई थी। इसके बाद आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। नाबालिग की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। बताया गया कि नाबालिग की चिकित्सकीय जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। छापामारी टीम में पुलिस पदाधिकारी, जवान एवं टेक्निकल टीम के सदस्य शामिल थे।



