अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi: राजधानी रांची के चान्हो इलाके में शुक्रवार की दोपहर एक तेज रफ्तार बाइक और ऑटो के बीच हुई भिड़ंत में बड़ा हादसा हो गया। चान्हो-बेयासी रोड पर सिल्लागांई पुल के पास दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक अनियंत्रित बाइक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बीच सड़क पर ही पलट गया, जिससे उसमें सवार दो महिलाओं सहित छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में ये लोग हुए घायल
इस सड़क दुर्घटना में घायलों की पहचान चान्हो के होंदपीड़ी निवासी मंगरी उरांइन (65 वर्ष), सोमा उरांव (70 वर्ष), बेयासी के फिलमोन मिंज (60 वर्ष), गोके के सुभान अंसारी (22 वर्ष), तमाड़ के योगेश्वर मुंडा (28 वर्ष) और सुलेखा मुंडा (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, बाइक सवार मुरतो निवासी युवकों को भी मामूली चोटें आने की खबर है।
ग्रामीणों ने पेश की मानवता की मिसाल
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई और सड़क पर पलटे ऑटो को सीधा किया। ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को उसी ऑटो की मदद से तत्काल चान्हो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया।
रिम्स रेफर किए गए घायल
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उनकी स्थिति नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी छह लोगों को रिम्स (RIMS), रांची रेफर कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और यह हादसा हुआ। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है कि आखिर गलती किसकी थी। फिलहाल, घायलों की स्थिति पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

