Jharkhand News: झारखंड के चांडिल में शनिवार तड़के एक भीषण रेल हादसा हो गया, जिसमें दो मालगाड़ियां आमने-सामने टकरा गईं। यह घटना चांडिल रेलवे स्टेशन से लगभग दो किलोमीटर दूर पोल संख्या 375/22 के पास सुबह करीब 4:15 बजे हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ट्रैक पर मलबा फैल जाने से अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर परिचालन पूरी तरह ठप हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दक्षिण-पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, दुर्घटना राहत ट्रेन और मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई। हादसे में चालक दल के कुछ सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और ट्रैक बहाली का काम जारी है।
हादसे के कारण चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट पर सभी यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन रोक दिया गया है। कई ट्रेनों को डायवर्ट या शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। रेलवे स्टेशनों पर हेल्पडेस्क और अनाउंसमेंट के जरिए यात्रियों को लगातार अपडेट दिया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक बहाली में कम से कम 24 घंटे का समय लग सकता है। यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने और रेलवे की वेबसाइट या हेल्पलाइन से जानकारी लेने की अपील की गई है। वहीं, हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं। इस टक्कर से माल परिवहन पर भी गंभीर असर पड़ा है।



