अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के तत्वावधान में आगामी 17 जनवरी से शुरू होने वाली अंतर जिला अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला टीम का चयन किया जाना है, जिसके लिए निबंधन की तारीख घोषित कर दी गई है।
पश्चिमी सिंहभूम अंडर-16 टीम के चयन हेतु निबंधन की तारीख घोषित
जिला क्रिकेट संघ ने घोषणा की है कि खिलाड़ियों का निबंधन मंगलवार, 16 दिसंबर को किया जाएगा। यह निबंधन प्रक्रिया स्थानीय बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान में सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
पात्रता और अनिवार्य दस्तावेज: कौन लेगा इस प्रतियोगिता में भाग?
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वही खिलाड़ी पात्र होंगे, जिनका जन्म 01 सितंबर 2010 से 31 अगस्त 2012 के बीच हुआ हो। निबंधन के इच्छुक खिलाड़ियों को पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे के बीच जिला क्रिकेट संघ कार्यालय में उपस्थित होना होगा।
निबंधन के समय निम्नलिखित दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा:
-
फोटोयुक्त क्यूआर कोड वाला पीवीसी आधार कार्ड
-
आधार अपडेट इतिहास
-
नगरपालिका द्वारा जारी डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र
-
पिछले तीन शैक्षणिक सत्र (2022-23, 2023-24 एवं 2024-25) के मूल अंक पत्र
-
कैंसल्ड चेक
-
वर्तमान विद्यालय द्वारा जारी बोनाफाइड प्रमाण पत्र
जिला क्रिकेट संघ ने स्पष्ट किया है कि बिना निर्धारित दस्तावेजों के किसी भी खिलाड़ी का निबंधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, ऐसे खिलाड़ी जो सभी अहर्ताएं पूरी करते हों लेकिन वर्तमान सत्र में जिला क्रिकेट संघ की किसी भी संबद्ध इकाई से निबंधित नहीं हैं, वे भी निर्धारित शुल्क जमा कर निबंधन करा सकते हैं। जिला क्रिकेट संघ ने पात्र खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को पूर्ण करें।

