Chaibasa News: पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में सोमवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के बाहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। करीब 10:30 बजे पेट्रोल पंप मालिक पुनित सेठिया के कर्मचारी विमलेश कुमार और संजय नंदी पांच लाख रुपये लेकर बैंक में जमा करने पहुंचे थे। लेकिन बैंक गेट पर ही घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया।

अपराधियों ने रिवॉल्वर की बट से प्रहार कर विमलेश को घायल कर दिया और पिस्तौल दिखाकर पैसों से भरा बैग छीन लिया। महज कुछ ही मिनटों में पांच लाख रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए। घटना के समय बैंक और आसपास के बाजार में भीड़ मौजूद थी, लेकिन डर के कारण कोई भी अपराधियों के सामने जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।

इस वारदात की पूरी तस्वीरें CCTV कैमरे में कैद हो चुकी हैं। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल कर्मचारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Share.
Exit mobile version