Bihar News: रामगढ़वा थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर एनएच 28 पर चलाए गए सघन वाहन जांच अभियान के दौरान एक लाल रंग की आल्टो कार से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से नशीली दवाओं की सप्लाई की जा रही है। इसी के आधार पर रामगढ़वा थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर जांच अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान जब पुलिस सेमर चौक के पास वाहनों की जांच कर रही थी, तभी सुगौली की ओर से आ रही एक संदिग्ध लाल रंग की आल्टो कार को देखकर उसका चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार की तलाशी ली, जिसमें सात कार्टून में भरे हुए ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड कैप्सूल बरामद हुए। यह दवा नारकोटिक्स श्रेणी में आती है और आमतौर पर दर्द निवारण के साथ-साथ नशीली दवाओं के अवैध निर्माण में भी उपयोग की जाती है।

पुलिस ने कार और दवाओं को जब्त करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस इसे एक संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जोड़कर देख रही है और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।

Share.
Exit mobile version