अपनी भाषा चुनेें :
Ramgarh : इनर व्हील क्लब रामगढ़ द्वारा महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा को समाप्त करने के संदेश के साथ “ऑरेंज द वर्ल्ड” थीम पर जागरूकता कार रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र के 16 दिवसीय सक्रियता अभियान का हिस्सा है, जो हर वर्ष 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक दुनिया भर में मनाया जाता है। इस वैश्विक अभियान का उद्देश्य महिलाओं और लड़कियों के विरुद्ध होने वाली हर प्रकार की हिंसा को समाप्त करने के लिए समाज में जागरूकता और सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है।
रैली की शुरुआत होप हॉस्पिटल से की गई, जहां प्रतिभागियों को अभियान की थीम और महत्व के बारे में अवगत कराया गया। इसके बाद कार रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंततः सैनी होटल पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने नारंगी रंग के परिधान धारण किए, जो ‘ऑरेंज द वर्ल्ड’ अभियान का प्रतीक रंग है और हिंसा मुक्त समाज की आशा एवं ऊर्जा का संदेश देता है।
रैली में शामिल महिलाओं और समाजसेवियों ने नारों, पोस्टरों और बैनरों के माध्यम से यह संदेश दिया कि महिलाओं के प्रति हिंसा किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समानता सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाएं। आयोजकों ने कहा कि हिंसा केवल शारीरिक रूप में ही नहीं, बल्कि मानसिक, सामाजिक, आर्थिक और डिजिटल रूपों में भी होती है, जिसे पहचानना और रोकना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इनर व्हील क्लब रामगढ़ की टीम ने इस अभियान के माध्यम से यह संकल्प भी दोहराया कि वे आने वाले समय में भी ऐसी जागरूकता गतिविधियाँ जारी रखेंगी। क्लब की ओर से बताया गया कि समाज में सकारात्मक बदलाव तभी संभव है जब नागरिक खुले मन से महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के पक्ष में खड़े हों और निष्पक्ष वातावरण बनाने में योगदान दें।
रैली में नमिता श्रॉफ, जनेशा वडेरा, निधि चौधरी, शर्मिष्ठा दत्ता, रंजू अग्रवाल, अनुराधा श्रॉफ, राजिंदर बुधवाल, नम्रता जैन, विजयालक्ष्मी अयंगर, रंजू अरोरा समेत कई सदस्य उपस्थित रहीं। सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।

