अपनी भाषा चुनेें :
Palamu News: पलामू के पाटन थाना क्षेत्र के सखुई गांव में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अर्टिगा कार से पहुंचे पांच डकैतों ने स्थानीय व्यवसायी दिना प्रसाद उर्फ धीरेंद्र प्रसाद के घर धावा बोल दिया। डकैत दुकान से लगे उनके मकान में घुसते ही पूरे परिवार को बंधक बनाकर कीमती सामान खोजने लगे।
अपराधियों की योजना, CCTV में कैद हुई हर हरकत
तीन अपराधी घर के अंदर थे, जबकि दो बाहर निगरानी में लगे थे। घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ दिख रही है—चेहरा ढके दो डकैत हथियार लेकर घर के अंदर टटोलते नज़र आए, जबकि बाकी की गतिविधियाँ कार के पास दर्ज हुईं। परिवार डरा हुआ था, लेकिन हालात तब पलटे जब मौका पाकर व्यवसायी दिना प्रसाद एक डकैत से भिड़ गए। उन्होंने उसे जमीन पर पटक दिया और जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया।
भीड़ जुटी, एक डकैत की जमकर धुनाई, हथियार भी छोड़ भागे अपराधी
दिनेश के शोर मचाते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़े आए। भीड़ को देखकर दो डकैत अपने हथियार वहीं छोड़कर भागे, जबकि बाकी साथी कार लेकर फरार हो गए। पकड़ा गया अपराधी भीड़ के हत्थे चढ़ गया और लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो हथियार बरामद
सूचना पर पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ से अपराधी को किसी तरह छुड़ाया गया और किशुनपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। सोमवार को उसे एमएमसीएच के कैदी वार्ड में भर्ती कर दिया गया। सदर एएसपी मणि भूषण प्रसाद ने बताया कि पकड़ा गया डकैत उत्तर प्रदेश का रहने वाला लगता है। दो हथियार और गोलियां बरामद की गई हैं। उसकी हालत में सुधार के बाद उससे पूछताछ कर साथियों की पहचान की जाएगी।
गांव में दहशत, पुलिस ने तेज की खोज
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस बाकी चार अपराधियों का सुराग जुटाने में लगी है। गांववालों ने व्यवसायी की बहादुरी की सराहना की, जिसने अपने परिवार को बचाने के लिए डकैत से मुकाबला किया।

