Patna News: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने 9वीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। यह पंजीकरण प्रक्रिया 6 अगस्त से शुरू होकर 19 अगस्त तक चलेगी। रजिस्ट्रेशन केवल स्कूलों के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन के लिए छात्रों को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड संख्या, जन्मतिथि प्रमाण पत्र और मोबाइल नंबर जैसे आवश्यक दस्तावेज स्कूल को उपलब्ध कराने होंगे। यदि किसी छात्र के पास आधार नहीं है, तो उसे स्वघोषणा पत्र देना होगा, जिसकी जानकारी रजिस्ट्रेशन फॉर्म के कॉलम-17 में अनिवार्य रूप से देनी होगी। कॉलम-16 में आधार नंबर दर्ज किया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन की न्यूनतम आयु सीमा 14 वर्ष निर्धारित की गई है। इससे कम उम्र वाले छात्रों का आवेदन स्वचालित रूप से रद्द कर दिया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के दौरान कोई भी जानकारी गलत भरने से भविष्य में परीक्षा फॉर्म में समस्या आ सकती है, इसलिए सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरना अनिवार्य है।
नियमित श्रेणी (Regular) के छात्रों के लिए पंजीकरण शुल्क ₹350 और स्वतंत्र (Private) श्रेणी के छात्रों के लिए ₹480 निर्धारित किया गया है। इसके अलावा स्कूल द्वारा ऑनलाइन डाटा एंट्री के लिए ₹30 से ₹50 तक शुल्क लिया जाएगा, जिसके अंतर्गत डमी पंजीकरण कार्ड डाउनलोड कर छात्रों को उपलब्ध कराया जाएगा।
अगर कोई छात्र शुल्क देने के बाद किसी कारणवश रजिस्ट्रेशन नहीं करवा पाया है, तो 19 अगस्त तक वह अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म भर सकता है। किसी भी तकनीकी परेशानी की स्थिति में विद्यार्थी हेल्पलाइन नंबर 9470247290 या 8146568498 पर संपर्क कर सकते हैं।



