India News: भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर बुधवार तड़के मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। यह स्टार्मर की प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली आधिकारिक भारत यात्रा है।

हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, प्रोटोकॉल मंत्री जयकुमार रावल और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सभी ने गुलदस्ते भेंट कर ब्रिटिश प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर महाराष्ट्र और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी उपस्थित रहे।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 अक्टूबर की सुबह मुंबई में कीर स्टार्मर से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता दोपहर 1.40 बजे बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित सीईओ फोरम में शामिल होंगे। इसके बाद 2.45 बजे, ब्रिटिश प्रधानमंत्री छठे ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल में हिस्सा लेंगे और प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।

इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के नेता विज़न 2035 रोडमैप के तहत भारत-ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। यह रोडमैप व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, रक्षा, जलवायु, ऊर्जा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित है।

राजनयिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह दौरा भारत और ब्रिटेन के बीच संबंधों को नई ऊँचाई देने वाला साबित हो सकता है।

Share.
Exit mobile version