Bokaro: बोकारो में पुराने विवाद को लेकर मंगलवार देर रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। सेक्टर-4 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-8 बी के बीएसएल डीएवी स्कूल परिसर का इलाका कुछ देर के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के युवकों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते-देखते मारपीट और पथराव में बदल गई।
इस दौरान आधा दर्जन से अधिक युवक घायल हो गए। उपद्रवियों ने मौके पर खड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार को आग के हवाले कर दिया, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी आलोक रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर दमकल की गाड़ी बुलाकर कार में लगी आग पर काबू पाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया और जमकर पथराव किया।
लंबे इलाज के बाद उसकी जान बची। इसी मामले में आरोपियों की पहचान कराने के लिए चश्मदीद युवक कुणाल सिंह मंगलवार शाम पुलिस के साथ सेक्टर-8 बीएसएल डीएवी स्कूल परिसर पहुंचा था। इसी दौरान आरोपियों के समूह ने अचानक पथराव शुरू कर दिया और अफरातफरी के बीच कार में आग लगा दी।
पथराव और आगजनी के दौरान मची भगदड़ में चश्मदीद कुणाल सिंह रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। बुधवार सुबह तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजन और पुलिस उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सेक्टर-4 थाना में खोजबीन तेज करने की मांग की है।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि दोनों गुटों के बीच यह घटना पुरानी रंजिश और प्रतिशोध की भावना से जुड़ी प्रतीत होती है। पुलिस मामले का सत्यापन कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।



