अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro News: कांग्रेस के नवमनोनीत जिला अध्यक्ष जवाहर लाल महथा का मंगलवार को बोकारो जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सेक्टर 5 स्थित एनआईटी सभागार में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर झारखंड समन्वय समिति के सदस्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, स्थानीय विधायक श्रीमती श्वेता सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम से पहले जवाहर महथा ने मां छिन्नमस्तिका की पूजा-अर्चना की। बोकारो आगमन के दौरान पेटरवार से लेकर बोकारो नगर तक दो दर्जन से अधिक स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। शहर पहुंचने पर उन्होंने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने नए जिला अध्यक्ष को बधाई दी और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की नीतियों की विफलताओं और हेमंत सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव, हर नागरिक तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झारखंड की विकास योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में सबसे अहम भूमिका निभाएगी।
विधायक श्वेता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जवाहर महथा के नेतृत्व में बोकारो में कांग्रेस संगठन और सशक्त होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में कांग्रेस जिले में नई ऊर्जा और एकता के साथ मजबूती से खड़ी होगी।
कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए जिलाध्यक्ष जवाहर महथा ने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन्हें दिया है, वे पूरी ईमानदारी से उसका निर्वाह करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी तरह की गुटबाजी नहीं होगी और अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होंगे, उन पर कार्रवाई तय है।
इस अवसर पर मनोज कुमार, गौरव राय, जमे अख्तर, देबाशीष मंडल, अशोक मंडल, निरंजन मिश्रा, नरेश प्रसाद सिंह और नितेश भारद्वाज सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

