अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro News: प्रशासक सह अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर मंगलवार को चास नगर निगम ने चास थाना और यातायात पुलिस के सहयोग से एक संयुक्त अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व सहायक नगर आयुक्त श्री शशि शेखर सुमन ने किया।
अभियान के तहत योद्धाडीह मोड़ से नीलम नर्सिंग होम तक सड़क किनारे किए गए अनाधिकृत अस्थायी निर्माण और होर्डिंग्स को हटाया गया। इसके साथ ही अनियंत्रित रूप से खड़े वाहनों को भी हटाया गया ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। नगर निगम की टीम ने मौके पर प्रतिबंधित सामग्रियों की जांच करते हुए कई वस्तुओं को जब्त भी किया।
इस कार्रवाई में चास नगर निगम के नगर प्रबंधक, निगम के कर्मी, चास थाना और यातायात पुलिस के जवान मौजूद थे। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई।
सहायक नगर आयुक्त शशि शेखर सुमन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे शहर की स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने में प्रशासन का साथ दें। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग अवैध निर्माण, अनियंत्रित पार्किंग, होर्डिंग लगाने या प्रतिबंधित सामान की बिक्री करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता और झारखंड नगरपालिका अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, “नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”

