अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: राजधानी रांची के बड़ा तालाब इलाके में बुधवार को एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान प्रशंसा कुमारी (20) के रूप में हुई है, जो सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर की रहने वाली थी। युवती के लापता होने की रिपोर्ट मंगलवार को उसके परिजनों द्वारा सुखदेव नगर थाने में दर्ज कराई गई थी।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को प्रशंसा का अपनी मां से मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई थी और वापस नहीं लौटी। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंची, तो घरवालों ने पुलिस को सूचना दी।
रातभर की तलाश के बाद भी नहीं मिली जानकारी
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सुखदेव नगर पुलिस ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान मोबाइल लोकेशन की ट्रैकिंग से यह पता चला कि युवती कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ा तालाब के आसपास है। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो वहां उसका कोई पता नहीं चला।
बुधवार सुबह शव तालाब में मिला
बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने बड़ा तालाब में एक शव तैरता हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और सुखदेव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। मृतका की पहचान गुमशुदा युवती प्रशंसा कुमारी के रूप में की गई।
कोतवाली थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है और मामले में यूडी (Unnatural Death) केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि युवती की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी साजिश का नतीजा है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
परिजन सदमे में, जांच से खुल सकते हैं राज
घटना से मृतका के परिजन सदमे में हैं। परिवारवालों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। तालाब के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

