Chaibasa news: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में गुरुवार को बढ़ती बिजली दरों और गहराते पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के गौशाला चौक से जिला समाहरणालय तक हांडी, डब्बा और खाली बर्तन लेकर रैली निकाली और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भीषण गर्मी में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग पानी और बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार समाधान निकालने में विफल साबित हो रही है।
प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर जनता की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। समाहरणालय पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को मांगपत्र सौंपा।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में पेयजल, बिजली और जनसुविधाओं की स्थिति बदहाल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि शहरों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में चापाकल खराब पड़े हैं और लोग दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर काम दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि चुनाव के समय किए गए वादे अब जनता को याद दिलाने पड़ रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि महंगी बिजली दरों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है। सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में विकास कार्य ठप हैं और जनता को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने 24 घंटे निर्बाध बिजली और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भाजपा आम लोगों को साथ लेकर उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन प्रशासन स्थायी समाधान निकालने में असफल है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजली दरों में कमी, खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत, ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकर से पानी आपूर्ति और नियमित विद्युत सेवा बहाल करने की मांग उठाई। समाहरणालय परिसर में कुछ समय तक प्रदर्शन जारी रहा, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।



