India News: कोलकाता में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। यह घटना सुबह करीब 11 बजे बसंती हाईवे पर साइंस सिटी के पास हुई, जब टीएमसी विधायक शौकत मोल्ला के काफिले की पायलट कार और सामने से आ रही एक बाइक आमने-सामने टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पायलट कार का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया। हादसे में बाइक सवार मोहम्मद ताजुद्दीन, जो करया थाना क्षेत्र का निवासी था, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे में पायलट कार का चालक भी घायल हो गया, जिसे नजदीकी भांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर के बाद विधायक की कार भी अनियंत्रित होकर एक बिजली के खंभे से टकरा गई।
घटना पर विधायक शौकत मोल्ला ने गहरा दुख जताया और बताया कि हादसा उनकी कार के ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ। फिलहाल कोलकाता ट्रैफिक पुलिस की फैटल स्क्वाड और लेदर कॉम्प्लेक्स थाना की टीम जांच में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। इस हादसे ने शहर में सड़क सुरक्षा और सरकारी काफिलों की रफ्तार पर नए सिरे से सवाल खड़े कर दिए हैं।



