Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज बिहार के 1.11 करोड़ से अधिक पेंशनधारकों को एक साथ बड़ी राहत देने जा रहे हैं। सरकार 1227.27 करोड़ रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी।
यह पहली बार है जब पेंशनधारकों को बढ़ी हुई राशि 1100 रुपये प्रति माह दी जा रही है। इससे पहले यह राशि केवल 400 रुपये थी। इस निर्णय का सीधा लाभ राज्य के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को मिलेगा।
राज्य सरकार इस कार्यक्रम को चुनावी साल में बड़े स्तर पर आयोजित कर रही है। आज पूरे बिहार के 38 जिलों, 534 प्रखंड, 8053 पंचायतों और 43 हजार से ज्यादा राजस्व गांवों में एक साथ कार्यक्रम होंगे। इनमें से करीब 60 लाख लाभार्थी प्रत्यक्ष रूप से इन आयोजनों में हिस्सा लेंगे।
सरकार का दावा है कि यह पेंशन योजना जनता के साथ जुड़ाव और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। कार्यक्रम के दौरान जिला स्तर पर वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में लाभार्थियों को पेंशन ट्रांसफर की पुष्टि की जाएगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मौके पर राजधानी पटना से सीधे लाभार्थियों को संबोधित करेंगे और इस पहल को गुड गवर्नेंस के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करेंगे।



