अपनी भाषा चुनेें :
Patna News: पटना में नई राजग सरकार के गठन के बाद मंत्रियों के आवास आवंटन का इंतजार आखिर खत्म हो गया। भवन निर्माण विभाग ने पूरी सूची जारी कर दी, जिसके साथ यह भी साफ हो गया कि कौन नेता अपने पुराने सरकारी घर में रहेंगे और किसे नया ठिकाना मिला है।
पुराने बंगलों में ही रहेंगे 13 मंत्री
नीतीश कुमार के नेतृत्व में बने इस नए मंत्रिमंडल में कई चेहरे ऐसे हैं जो पिछले कार्यकाल में भी मंत्री रह चुके थे। इसलिए 13 मंत्रियों को वही बंगला दोबारा दिया गया है जहां वे अब तक रह रहे थे। इन नामों में दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा से लेकर ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार जैसे दिग्गज शामिल हैं।
इस खबर को भी पढ़ें : बिहार कैबिनेट को मिला नया ठिकाना: किस मंत्री को कौन सा सरकारी बंगला मिला? जानें पूरी डिटेल
सरकार का कहना है कि जिन मंत्रियों ने अपने वर्तमान आवास को अच्छी तरह बनाए रखा है और जिनकी सुरक्षा तथा प्रशासनिक सुविधा वहीं बेहतर है, उन्हें स्थानांतरित नहीं किया गया।
13 मंत्रियों को नए बंगले अलॉट
नए चेहरों की सूची भी काफी दिलचस्प है।
- उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल और नंदकिशोर यादव को दो स्ट्रैंड रोड के बंगले दिए गए हैं। वहीं खेल और आईटी मंत्री श्रेयसी सिंह को चार स्ट्रैंड रोड मिला है।
- पशुपालन मंत्री सुरेंद्र मेहता को हार्डिंग रोड का 33 नंबर घर दिया गया, जबकि श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह टाइगर को 41 नंबर बंगला।
- पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद को 25 हार्डिंग रोड, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव को 43 हार्डिंग रोड और नारायण प्रसाद को 12 हार्डिंग रोड दिया गया है।
- एससी-एसटी कल्याण मंत्री लखेंद्र रोशन को तेज प्रताप के पुराने बंगले 26 स्ट्रैंड रोड में शिफ्ट किया जाएगा।
- इसी तरह सहकारिता मंत्री प्रमोद कुमार को 27 हार्डिंग रोड और गन्ना मंत्री संजय कुमार को 21 हार्डिंग रोड मिला है।
- पीएचईडी मंत्री संजय कुमार सिंह को 13 हार्डिंग रोड और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को 24 एम स्ट्रैंड रोड आवास मिला है।
राबड़ी देवी का 20 साल पुराना बंगला भी खाली होगा
सिर्फ मंत्री ही नहीं, कई दिग्गज नेताओं को भी अब अपने आवास खाली करने होंगे। नंदकिशोर यादव अपना आवास दिलीप जायसवाल के लिए छोड़ेंगे। साथ ही 20 साल से राबड़ी देवी जिस 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगले में रह रही थीं, उसे भी खाली कराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इस खबर को भी पढ़ें : सत्ता बदली और झटके की बौछार: लालू परिवार से 20 साल पुराना बंगला छिना
243 विधायकों के लिए बने नए डुप्लेक्स फ्लैट तैयार
इस बीच दरोगा राय पथ के पास बने 246 डुप्लेक्स आधुनिक फ्लैट भी तैयार हो गए हैं, जिन्हें अगले चरण में विधायकों को उनके निर्वाचन क्षेत्र के क्रम में दिया जाएगा। नई लीस्ट के बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है, लेकिन इससे सरकार के अंदर व्यवस्था और आवास प्रबंधन की स्पष्ट तस्वीर सामने आ गई है।

