Bihar News: बिहार में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया पूरी हो गई है। मंगलवार को चुनाव आयोग ने इसकी फाइनल लिस्ट जारी की। नई लिस्ट के मुताबिक, बिहार में अब कुल वोटर्स की संख्या 7.41 करोड़ हो गई है। इसमें 69 लाख नाम हटाए जाने के साथ ही 21 लाख नए वोटर्स जोड़े गए हैं।

ड्राफ्ट लिस्ट से फाइनल लिस्ट तक का सफर

जून 2025 से शुरू हुई इस प्रक्रिया में 7.89 करोड़ पंजीकृत वोटर्स के लिए पुन: फॉर्म भरवाए गए थे। इसके बाद 1 अगस्त को जारी ड्राफ्ट लिस्ट में लगभग 65 लाख वोटर्स के नाम हटाए गए थे। इनमें वे लोग शामिल थे जो अब जीवित नहीं हैं, स्थायी रूप से राज्य से बाहर चले गए हैं या जिनके पास एक से अधिक वोटर आईडी थीं। फाइनल लिस्ट में इनमें से 17 लाख नाम फिर से जोड़े गए।

जिलेवार बदलाव: पटना में वोटर्स बढ़े, सारण में घटे

नए आंकड़ों के अनुसार, पटना जिले में वोटर्स की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज हुई है। यहां 1 लाख 63 हजार 600 मतदाता बढ़े हैं। पहले तक पटना जिले में 46 लाख 51 हजार 694 वोटर्स थे, जो अब बढ़कर 48 लाख 15 हजार 694 हो गए। दूसरी ओर सारण जिले में बड़ी गिरावट देखने को मिली। यहां के 2 लाख 24 हजार 768 मतदाताओं के नाम काट दिए गए। चुनाव आयोग के अनुसार, सारण में पहले कुल 31 लाख 27 हजार 451 वोटर्स थे जो अब घटकर 29 लाख 02 हजार 683 रह गए।

विपक्ष के आरोप

एसआईआर को लेकर विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की मंशा पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इसे जनता के अधिकार छीनने की कोशिश बताते हुए बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाली थी। इंडिया गठबंधन के नेताओं का आरोप है कि आयोग ने यह कदम सत्ता पक्ष को लाभ पहुंचाने के लिए उठाया।

वहीं, चुनाव आयोग का कहना है कि इस प्रक्रिया का मकसद केवल पात्र मतदाताओं को सूची में बनाए रखना और छूटे हुए नाम जोड़ना था। आयोग ने स्पष्ट किया कि मृतक और डुप्लीकेट नाम हटाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए जरूरी है।

कैसे चेक करें अपना नाम

चुनाव आयोग ने बताया कि कोई भी मतदाता अब आसानी से ऑनलाइन अपना नाम देख सकता है। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर मतदाता सूची चेक की जा सकती है।

चुनाव की तैयारियां तेज

एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी तैयारियां और तेज हो जाएंगी। यह सूची राज्य भर में मतदान केंद्रों की अंतिम व्यवस्था और निर्वाचन प्रक्रिया का आधार बनेगी।

Share.
Exit mobile version