Patna News: बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, सत्ता की तस्वीर भी स्पष्ट होती जा रही है। सुबह आठ बजे शुरू हुई काउंटिंग के पहले ढाई घंटे में 225 सीटों के रुझान सामने आए, जिनमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 162 सीटों पर मजबूत बढ़त बना ली है, जबकि महागठबंधन सिर्फ 59 सीटों पर आगे है। शुरुआती संकेत साफ कर रहे हैं कि एनडीए इस बार भी प्रचंड बहुमत के साथ वापसी की ओर बढ़ रहा है।

निर्वाचन आयोग के ताज़ा अपडेट के मुताबिक जेडीयू 71 सीटों पर आगे है, जो पिछले चुनाव की तुलना में बड़ी छलांग मानी जा रही है। भाजपा 69 सीटों पर आगे है। एलजेपी (रामविलास) ने 17 सीटों पर बढ़त लेकर सबको चौंकाया है। वहीं, हम 4 और आरएलएम 1 सीट पर आगे चल रही है।

महागठबंधन का संघर्ष जारी, 2020 के मुकाबले कमजोर स्थिति

राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन को इस बार बड़े नुकसान के संकेत मिल रहे हैं। वर्तमान रुझानों में राजद केवल 43 सीटों पर आगे है, जबकि कांग्रेस 9 और सीपीआई (एमएल) 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। सीपीआई और सीपीएम एक-एक सीट पर आगे हैं। पिछले चुनाव की तुलना में यह आंकड़ा काफी कम है, जिससे यह साफ है कि महागठबंधन मतदाताओं का भरोसा दोबारा नहीं जीत पाने की स्थिति में दिख रहा है।

अन्य दलों की बात करें तो जेएसपी, एआईएमआईएम, जेएसजेडी और टीपीपी जैसे छोटे दल कुल 5 सीटों पर आगे हैं। बीएसपी का खाता अभी भी नहीं खुला है।

डाक मतपत्रों में भी एनडीए की बढ़त, कई दिग्गज आगे

सबसे पहले हुई डाक मतपत्रों की गिनती में भी तस्वीर लगभग इसी तरह दिखी। 111 सीटों के शुरुआती पोस्टल बैलेट रुझानों में NDA 68 सीटों पर आगे रहा, जबकि महागठबंधन 43 सीटों पर।

जनसुराज इस चरण में दो सीटों पर आगे था।

दिग्गज नेताओं में मैथिली ठाकुर, नीतीश मिश्रा, सम्राट चौधरी, तेजस्वी यादव, रेणु देवी और संजय सरावगी शुरूआती बढ़त बनाए हुए हैं।

काउंटिंग केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी है और हर राउंड की वीडियोग्राफी हो रही है। रात तक अंतिम नतीजों के आने की उम्मीद है, लेकिन शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक चर्चा को गर्म कर दिया है।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि अंतिम राउंड तक यह बढ़त कायम रहती है या तस्वीर में कोई उलटफेर होता है।

Share.
Exit mobile version