अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna News: बिहार विधानसभा चुनाव-2025 की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और एस.एस. संधू की टीम शनिवार को पटना पहुंची। टीम अपने दो दिवसीय दौरे (4 और 5 अक्टूबर) के दौरान राजनीतिक दलों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों से बैठक कर चुनावी व्यवस्था का जायजा लेगी।
राजनीतिक दलों से होगी बैठक
पहले दिन मुख्य निर्वाचन आयुक्त की अध्यक्षता में आयोग की टीम विभिन्न राजनीतिक दलों से मिलेगी। भाजपा, जदयू, राजद और कांग्रेस समेत प्रमुख दलों को बैठक में शामिल होने का आमंत्रण भेजा गया है। हालांकि, मुकेश सहनी की वीआईपी, उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा और जीतनराम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रण नहीं मिला है। बैठक में दलों से चुनावी प्रक्रिया को लेकर सुझाव और अपेक्षाओं पर चर्चा की जाएगी।
प्रशासनिक समीक्षा और रिपोर्ट
राजनीतिक बैठक के बाद निर्वाचन आयोग की टीम राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेगी। इस बैठक में चुनावी तैयारियों, कानून-व्यवस्था, संवेदनशील बूथों और सुरक्षा पर विशेष चर्चा होगी।
05 अक्टूबर को आयोग की टीम नोडल अधिकारियों के साथ बैठक करेगी, ताकि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। इसके साथ ही राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के नोडल अधिकारियों से भी समन्वय पर चर्चा की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए जाएंगे दिशा-निर्देश
मुख्य चुनाव आयुक्त और उनकी टीम 5 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसमें विधानसभा चुनाव-2025 से संबंधित दिशा-निर्देश, सुरक्षा प्रबंधन और पारदर्शिता को लेकर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
निर्वाचन आयोग के इस दौरे का प्रमुख उद्देश्य बिहार विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है ताकि मतदाताओं में भरोसा और विश्वास कायम रहे।

