Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की अधिसूचना आज जारी कर दी गई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में कुल 122 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। अधिसूचना जारी होते ही नामांकन की प्रक्रिया भी औपचारिक रूप से शुरू हो गई है, जो 20 अक्टूबर तक चलेगी।
नामांकन और मतदान की तारीखें तय
चुनाव आयोग ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 21 अक्टूबर को की जाएगी, जबकि प्रत्याशी 23 अक्टूबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इस चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। पूरी प्रक्रिया 16 नवंबर तक संपन्न कर ली जाएगी।
पहले चरण की प्रक्रिया जारी
फिलहाल बिहार में पहले चरण के तहत नामांकन की प्रक्रिया 17 अक्टूबर तक जारी है। दूसरे चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ ही सियासी दलों ने 122 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के चयन और प्रचार की रणनीति पर मंथन तेज कर दिया है। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि सभी जिलों में चुनावी व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



