अपनी भाषा चुनेें :
Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड 64.69 प्रतिशत मतदान के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लोकतंत्र की जीत नहीं, बल्कि बिहार के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है। मतदान के अगले दिन नीतीश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर लिखा— “पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान के लिए बिहार के लोगों का हृदय से धन्यवाद। अब समय है बिहार को सबसे ज्यादा विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने का। लोकतंत्र में मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि दायित्व भी है।”
दूसरे चरण में भी उत्साह बरकरार रखने की अपील
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में भी लोग इसी जोश और जिम्मेदारी के साथ हिस्सा लें। उन्होंने कहा— “सबका सम्मान हो, सबका विकास हो — इसी भावना से वोट करें ताकि बिहार और आगे बढ़े।” पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ, जो शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक रहा।
मुजफ्फरपुर में सबसे अधिक वोटिंग, पटना में अपेक्षाकृत कम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि पहले चरण में मुजफ्फरपुर जिले में 71.41% मतदान के साथ सबसे ज्यादा वोट पड़े। इसके बाद समस्तीपुर (71.22%), मधेपुरा (69.03%), और बेगूसराय (69.58%) जैसे जिलों में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं पटना (58.40%), नालंदा (59.33%) और सीवान (60.54%) में वोटिंग प्रतिशत थोड़ा कम रहा। राज्यभर में कुल 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए थे, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 36,733 और शहरी इलाकों में 8,608 केंद्र शामिल थे।

