Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर भाजपा कोर ग्रुप की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन से जुड़े प्रमुख सदस्य शामिल होंगे।
बैठक का मकसद बिहार में एनडीए फॉर्मूले के तहत भाजपा को मिली सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप देना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवारों की पहली लिस्ट 13 अक्टूबर तक जारी की जा सकती है। यह लिस्ट संभवतः एनडीए की साझा सूची के रूप में भी पेश की जाएगी।
सूत्र बताते हैं कि बिहार भाजपा की चुनाव समिति पहले ही संभावित उम्मीदवारों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को सौंप चुकी है। अब शीर्ष स्तर पर आखिरी सहमति बनने के बाद नामों की घोषणा की जाएगी।
यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब एनडीए की ओर से सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा शनिवार को पटना में की जानी है। सीट बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों के बीच सहमति लगभग बन चुकी है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जिन्होंने पहले 40 सीटों की मांग की थी, ने हाल ही में कहा कि एनडीए में सबकुछ ठीक चल रहा है और भाजपा नेतृत्व से उन्हें पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, “जब मेरे प्रधानमंत्री मौजूद हैं, तो मुझे किसी बात की चिंता नहीं।”
इसी तरह हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी कहा कि वे 15 सीटों की मांग कर रहे हैं, हालांकि अंतिम फॉर्मूला भाजपा नेतृत्व के फैसले पर निर्भर करेगा।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे — पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर और दूसरे चरण की 11 नवंबर को होगी। परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
बिहार की सियासत में इस बार एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन की टक्कर और भी दिलचस्प मानी जा रही है। भाजपा की इस बैठक से अब सभी की निगाहें उम्मीदवारों की पहली सूची पर टिकी हैं।



