Bihar News: संपूर्ण क्रांति दिवस के मौके पर बिहार की राजधानी पटना में छात्रों ने एक बार फिर अपनी आवाज बुलंद की। सरकारी नौकरी और शिक्षा में डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग को लेकर बिहार स्टूडेंट्स यूनियन के नेतृत्व में हजारों छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि बिहार में सरकारी नौकरी और शैक्षणिक संस्थानों में 90% सीटें केवल बिहार मूल निवासियों (डोमिसाइल धारकों) के लिए आरक्षित की जाएं। वहीं, दूसरे राज्यों के उम्मीदवारों के लिए केवल 10% वैकेंसी रखने की मांग की जा रही है।
प्रदर्शन में भाग लेने वाले छात्रों ने कहा कि वे गांव-गांव जाकर इस मुद्दे को जन-आंदोलन बनाएंगे। उनका मानना है कि बिहार में बेरोजगारी की बड़ी वजह बाहरी उम्मीदवारों को प्राथमिकता देना है।
अब देखना यह होगा कि सरकार इस मांग को कितनी गंभीरता से लेती है और क्या बिहार में डोमिसाइल नीति को लेकर कोई ठोस पहल होती है या नहीं।



