Patna News: बिहार हमेशा ही बेरोजगारी का गढ़ रहा है। यही कारण है कि देश और दुनिया हर एक कौने में बिहारी बाबू मिल ही जाएंगे। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्यमी और कारोबारियों के लिए स्पेशल पैकेज लेकर आए है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटना के गांधी मैदान से इसकी घोषणा की। अब शनिवार को उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी विस्तृत जानकारी दी है। इसके तहत बिहार में नए उद्योग लगाने वालों को अगले 6 महीने तक विशेष सुविधा दी जाएंगी। इनमें कैपिटल सब्सिडी, ब्याज एवं जीएसटी में छूट, मुफ्त जमीन जैसी कई सुविधाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि साल 2020 में सात निश्चय-2 के तहत की गई घोषणा के क्रम में सरकार ने 50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार देने के लक्ष्य को पूरा कर लिया है। अब सरकार ने अगले 5 सालों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। राज्य में उद्योग लगाने और स्वरोजगार करने वालों को कई प्रकार की सुविधाएं देकर सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। अब बिहार में उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जाएगा।
कैपिटल सब्सिडी, ब्याज सब्सिडी और जीएसटी के लिए दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को दोगुना किया जाएगा। साथ ही उद्योग लगाने के लिए सभी जिलों में जमीन की व्यवस्था की जाएगी तथा ज्यादा रोजगार देने वाले उद्योगों को मुफ्त में जमीन भी मिलेगी। यही नहीं जो लोग उद्योग लगाएंगे उनके भूमि से जुडे विवादों को भी समाप्त किया जाएगा।यह सारी सुविधाएं अगले 6 महीने में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को दी जाएंगी।सीएम नीतीश ने कहा कि इनके अलावा कई और प्रावधान भी किए गए हैं, जिनसे राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को काफी मदद मिलेगी। इस संबंध में विस्तृत अधिसूचना अलग से जारी की जाएगी।



