अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: बाघमारा अनुमंडल के महुदा थाना क्षेत्र स्थित सिंगड़ा बस्ती में बुधवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई में झारखंड और पश्चिम बंगाल की एटीएस टीम ने संयुक्त छापेमारी कर अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने छह लोगों को मौके से गिरफ्तार किया, जबकि हथियार निर्माण में संलिप्त एक महिला को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
मुख्य आरोपी मुर्शिद अंसारी, जो खुद को वाहन चालक के रूप में प्रस्तुत करता था, अपने घर में लंबे समय से यह गन फैक्ट्री चला रहा था। टीम ने छापेमारी के दौरान उसके घर से भारी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित देशी पिस्तौलें, हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण, औजार और कच्चा माल बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुछ बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले हैं, जो तकनीकी रूप से हथियार निर्माण में प्रशिक्षित बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह पश्चिम बंगाल के कुल्टी से अर्श मोहम्मद नामक सप्लायर से रॉ मटेरियल मंगवाता था। इससे साफ है कि यह एक सुनियोजित अंतरराज्यीय हथियार तस्करी का नेटवर्क हो सकता है।
एटीएस और स्थानीय पुलिस की इस कार्रवाई में बाघमारा डीएसपी, कतरास और महुदा थाना पुलिस के निरीक्षक सहित विशेष दस्ता भी मौजूद रहा। मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती रही।
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि ये हथियार किन-किन आपराधिक गतिविधियों में प्रयोग किए जाने थे। इस खुलासे से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

