Bihar News: अररिया जिले के जोगबनी थाना क्षेत्र के किसान चौक पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन युवकों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर मधुरा वार्ड संख्या 12 से गढ़हा चौक स्थित गैरेज की ओर जा रहे थे। अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक पर सवार 26 वर्षीय साहिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय इंजार और 24 वर्षीय जासीम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
तीनों मृतक युवक गैरेज मिस्त्री का काम करते थे और परिवार के लिए मेहनत-मजदूरी कर रोजी-रोटी कमा रहे थे। इस हादसे ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा पुलिस दल के साथ अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। तीनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में मातम का माहौल बना दिया है। गांव में हर किसी की आंखें नम हैं और लोग इसे नियति का बड़ा खेल बता रहे हैं।



