India News: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंसार गजवात उल हिंद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मुस्ताक मंडल को उसके घर से गिरफ्तार किया है। मुस्ताक मंडल बांकुड़ा के दूरस्थ बोगडोहरा गांव का निवासी है।
मंगलवार को पुलिस ने उसे उसके घर से हिरासत में लिया और लंबी पूछताछ के बाद गिरफ़्तारी की पुष्टि की। अधिकारियों के अनुसार, मुस्ताक की सोशल मीडिया गतिविधियों पर काफी समय से नजर रखी जा रही थी। वह भारत विरोधी और सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाले पोस्ट कर रहा था। इन गतिविधियों की जांच में सामने आया कि उसके संबंध अंसार गजवात उल हिंद जैसे आतंकी संगठन से हैं, जो भारत विरोधी कट्टरपंथी एजेंडे के लिए कुख्यात है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुस्ताक से पूछताछ जारी है ताकि उसके स्थानीय संपर्कों और किसी संभावित स्लीपर सेल के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस को शक है कि यह कोई अकेला मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ी आतंकी साजिश हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में पश्चिम बंगाल में आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों में वृद्धि देखी गई है। बांग्लादेशी आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के तीन सदस्य – आजमल हुसैन, साहेब अली खान और अबासुद्दीन मोल्ला – अलग-अलग जिलों से पकड़े गए हैं।
साथ ही, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने बाराबनी इलाके से शराफ मीर को भी गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया पर भारत विरोधी नारेबाजी और देशद्रोही बयानबाजी कर रहा था।



