India News: राजस्थान के नीमराना के गंडाला गांव में एक पति ने गुस्से में अपनी पत्नी की हत्या कर दी। इस घटना से गांव में सनसनी फैला गई और लोगों में आक्रोश और डर का माहौल पैदा हो गया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना गंडाला गांव में हुई, जहां पति का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पति ने गुस्से में पत्नी का गला तब तक दबाए रखा जब तक कि उसकी जान नहीं निकल गई। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने स्वयं पुलिस को फोन किया और घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो इस हत्याकांड का कारण बना।
पुलिस अभी इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर विवाद की जड़ क्या थी और क्या यह हत्या सुनियोजित थी या गुस्से में लिया गया फैसला।आरोपी से पूछताछ में पुलिस को कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। लोगों का कहना है कि यह दंपति पहले भी छोटे-मोटे झगड़े करते थे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह विवाद इतना भयावह रूप ले लेगा।



